भोरमदेव शक्कर कारखाने की पहल से मजबूत हुई गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति, 24.85 करोड़ का किया भुगतान

कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश और मार्गदर्शन में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सत्र 2025–26 के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है। अब तक कारखाना प्रबंधन की ओर से किसानों को कुल 24.85 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के गन्ना किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्पष्ट निर्देशों और जिला कलेक्टर गोपाल वर्मा के सतत मार्गदर्शन में कारखाना प्रबंधन ने पारदर्शी और समयबद्ध भुगतान व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया है। पेराई सत्र 2025–26 के तहत भारत सरकार द्वारा निर्धारित एफआरपी 329.05 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना मूल्य सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा किया जा रहा है। समय पर भुगतान से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्हें आगामी कृषि कार्यों में सुविधा मिल रही है।

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक जी.एस. शर्मा ने बताया कि चालू पेराई सत्र में अब तक 1,05,975 मैट्रिक टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 1,09,565 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गन्ना उत्पादक शेयरधारक किसानों के सहयोग और कारखाना प्रबंधन के कुशल संचालन का परिणाम है।

प्रबंध संचालक ने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की सामाजिक और आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य शासन की गन्ना नीति के अनुरूप समय पर भुगतान से किसानों की आय में स्थिरता आ रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

कारखाना प्रबंधन ने गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे परिपक्व, साफ-सुथरा, बिना अगवा और बिना जड़ वाला गन्ना ही कारखाने में आपूर्ति करें, ताकि शक्कर की रिकवरी प्रतिशत बढ़ सके और इसका सीधा लाभ किसानों को बेहतर भुगतान के रूप में मिले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *