अंतिम संस्कार को लेकर बना तनाव खत्म, परिजनों ने हिंदू धर्म में वापसी पर दी सहमति

धमतरी। नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान हो गया है। बोराई निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पुनिया बाई साहू के अंतिम संस्कार को लेकर बने तनाव के बाद परिजनों ने हिंदू धर्म में वापसी के लिए प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपा। इसके पश्चात प्रशासन, ग्रामीणों और समाज के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में सहमति बनी कि मृतका का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से किया जाएगा।

बताया गया कि पुनिया बाई साहू ने कुछ समय पूर्व ईसाई धर्म अपनाया था। उनके निधन के बाद परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, जिसका ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने विरोध किया। शव को पहले बोराई और बाद में नगरी शराब दुकान के पीछे वार्ड क्रमांक-1 में दफनाने का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और देर रात तक दोनों पक्षों से चर्चा कर हालात को नियंत्रित किया। लंबे विचार-विमर्श के बाद मृतका के परिजनों ने हिंदू धर्म में वापसी को लेकर लिखित सहमति दी। इसके बाद तय किया गया कि लगभग 36 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार हिंदू परंपराओं के अनुसार किया जाएगा।

शव को बोराई लाने की तैयारी की गई है, जहां ‘राम नाम सत्य है’ के नारों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मौके पर एसडीएम प्रीति दुर्गम, एएसपी मणि शंकर चंद्रा, एसडीओपी विपिन रंगारी, तहसीलदार चुम्मन ध्रुव सहित थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *