आदिवासी नेता जीवन ठाकुर की मौत मामला : कांकेर जेल पहुंची कांग्रेस की जांच टीम, जेल प्रशासन और डॉक्टरों पर लगाए गंभीर आरोप

कांकेर। आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की संदिग्ध मौत के मामले में कांग्रेस की सात सदस्यीय जांच टीम आज कांकेर जिला जेल पहुंची। टीम ने जेल में पदस्थ जेलर से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। टीम की संयोजक पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने बताया कि जेलर हाल ही में पदस्थ हुए हैं इसलिए उन्हें मामले की पर्याप्त जानकारी नहीं थी।

जांच दल जिला अस्पताल भी पहुंचा और उन डॉक्टरों से मिलने का प्रयास किया, जिन्होंने ठाकुर का उपचार किया था। भेड़िया ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने मुलाकात से इनकार कर दिया और किसी भी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की। उनके अनुसार “15 दिनों के भीतर दो बार अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद जीवन ठाकुर की बीमारी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। ऐसा लग रहा है कि ऊपर से दबाव है, चाहे जेलर हो या डॉक्टर, सभी किसी न किसी दबाव में हैं।

जांच टीम ने यह भी आरोप लगाया कि मिलने का निर्धारित समय होने के बावजूद जीवन ठाकुर के बेटे को उनसे मिलने नहीं दिया गया। पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने कहा कि उनके व्यवहार से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो शासन ने जीवन ठाकुर को किसी बड़े अपराधी की तरह ट्रीट किया हो।

अनिला ने सरकार की लापरवाही को बताया मौत का जिम्मेदार

अनिला भेड़िया ने जेल प्रशासन और राज्य सरकार की गंभीर लापरवाही को ठाकुर की मौत का जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा समय पर न खाना दिया गया, न दवाई। ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या होने के बावजूद उचित उपचार नहीं मिला। यह स्पष्ट तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *