सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, घटना की जांच में जुटी पुलिस

आरंग। नेशनल हाईवे 53 पर मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ग्राम लखौली ओवरब्रिज में हुआ। घटना की सूचना पर आरंग टीआई हरीश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर मर्चुरी (शवगृह) भेजा। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक संदीप निषाद (18 वर्ष) निवासी बड़गांव (तुमगांव) और तिलक निषाद (20 वर्ष) निवासी रायतुम (पटेवा) बाइक से बड़गांव से रायपुर की ओर जा रहे थे। लखौली ओवरब्रिज पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। आशंका जताई जा रही है कि गिरते ही पीछे से आ रहे किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक फिसलकर घटना स्थल से लगभग 50 मीटर दूर जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर मर्चुरी (शवगृह) भेज दिया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *