खेत की रखवाली कर रहे दो युवकों को वाहन ने कुचला, मौके पर हुई मौत

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कड़ार के आश्रित ग्राम भाटापारा में देर रात ये हादसा हुआ। यहां हाईवे पर स्थित खेतों की मवेशियों से रखवाली के लिए दो युवक रात के वक्त पहुंचे थे। जिन्हे अज्ञात वाहन ने चपेट में लेकर कुचलने के बाद फरार हो गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम भाटापारा में कई किसानों की खेती भूमि नेशनल हाईवे किनारे स्थित है। आए दिन आवारा मवेशियों के खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाने की समस्या से परेशान किसानों ने सामूहिक रूप से फसल सुरक्षा के लिए रात में रखवाली का निर्णय फैसला किया था। फसल की रखवाली के लिए किसानों ने छह-छह लोगों की टीम बनाकर दिन और रात की पाली में निगरानी व्यवस्था की थी। इसी क्रम में 19 अक्टूबर की रात लगभग 12 बजे भाटापारा निवासी किसान अश्वनी यादव का पुत्र रितेश यादव और दुर्गेश वर्मा अपने अन्य साथियों के साथ नेशनल हाईवे पर स्थित खेतों की रखवाली कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि देर रात खेतों की रखवाली के दौरान रितेश यादव और दुर्गेश हाईवे पर सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान शारदा चौक से ठीक पहले तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों को चपेट में लेकर कुचल दिया। दुर्घटना में जहां दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, वहीं आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच उपरांत पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने इस घटना पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आरोपी चालक की पतासाजी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *