बिलासपुर नगर निगम की MIC बैठक में हंगामा, सभापति की मौजूदगी पर छिड़ी बहस

बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम में मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब पार्षदों की बैठक व्यवस्था और सभापति की मौजूदगी को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। बैठक के दौरान एक एमआईसी सदस्य ने सभापति की उपस्थिति पर आपत्ति जताते हुए उनके बैठक में शामिल होने के अधिकार पर सवाल खड़े कर दिए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान महापौर और नगर निगम आयुक्त भी बैठक में मौजूद रहे।

नगर निगम की एमआईसी बैठक में सभापति विनोद सोनी की मौजूदगी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, तीन महीने पहले हुई सामान्य सभा की बैठक में सभापति विनोद सोनी ने एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार को प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए पीछे बैठने के निर्देश दिए थे। उसी बात को लेकर मंगलवार को जब सोनी एमआईसी की बैठक में पहुंचे, तो विजय ताम्रकार ने उनकी उपस्थिति पर आपत्ति जताई और स्पष्ट रूप से कहा कि सभापति को एमआईसी की बैठक में बैठने का अधिकार नहीं है।

बताया जा रहा है कि महापौर पूजा विधानी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और सभी एमआईसी सदस्यों की मौजूदगी में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सभापति विनोद सोनी ने तर्क दिया कि पूर्व में भी सभापति एमआईसी बैठकों में शामिल होते रहे हैं, तब कभी आपत्ति नहीं उठाई गई। बहस बढ़ने पर नगर निगम सचिव राजेंद्र अवस्थी से नियमों की जानकारी ली गई।

सचिव राजेंद्र अवस्थी ने बताया कि नियमों के अनुसार एमआईसी की बैठक में केवल महापौर और एमआईसी सदस्य ही बैठ सकते हैं। इसके बाद एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार ने अपनी आपत्ति दोहराते हुए सभापति को बैठक में शामिल न किए जाने पर जोर दिया।

हालांकि इस तीखी बहस के बावजूद बैठक का एजेंडा पूरा किया गया। शहर के विकास सहित कुल 52 मुद्दों पर चर्चा के बाद सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से एमआईसी की मंजूरी दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *